सर्वनाम शब्द दो शब्दों, सर्व और नाम, से मिलकर बना है जिसका अर्थ है ‘सबका नाम’। अतः, जो शब्द सबके नामों अर्थात् संज्ञा के स्थान पर प्रयुक्त होता है, उसे सर्वनाम कहते हैं।
बार-बार एक ही संज्ञा शब्द का प्रयोग अट पटा और अरुचिकर लगता है, इसलिए उसके स्थान पर सर्वनाम शब्दों का प्रयोग भाषा को सुंदर और सहज बनाता है। नीचे दिए गए उदाहरण से यह बात और भी स्पष्ट हो जाएगी।
उदाहरण:
“राधा” बाजार गई। “राधा” ने वहाँ से कुछ फल खरीदे। “राधा” घर वापस आ गई।
सर्वनाम का प्रयोग:
राधा बाजार गई। उसने “वहाँ” से कुछ फल खरीदे और “वह” घर वापस आ गई।
सर्वनाम की परिभाषा (Pronoun Definition)
जो शब्द संज्ञा के स्थान पर प्रयुक्त किए जाते हैं, उन्हें सर्वनाम कहते हैं।
जैसे—मैं, हम, तुम, आप, वह, वे, जो, कोई, कुछ, कौन, क्या आदि।
संज्ञा का बार-बार प्रयोग करने से भाषा दोहरावपूर्ण लग सकती है। संज्ञा के स्थान पर सर्वनाम का प्रयोग करने से भाषा अधिक सरल, सहज, सुंदर और प्रभावी बनती है।